रविवार, 30 अक्तूबर 2016

है वही उन्वान, लेकिन रोशनाई और है........

चित भी उसकी, पट उसी की,
सब सियासी तौर है।
कह रही है कुछ जबां,
लेकिन कहानी और है।।

था वही, जिसकी इबादत में
जहां पाबोस था।
और, हम समझे कि
दुनिया की खुदाई और है।।

मैं सहन करता रहा हंस हंस के
सब जुल्मो सितम।
वो तो खुद कुछ और,
उनकी बेहयाई और है।।

नींद गहरी है मगर,
अब रात हर बेख्वाब से।
है वही चादर, मगर
अब चारपाई और है।।

दाग छुप जायेंगे,
दीवार पुत जाने के बाद।
घर की पुताई और है,
सच की पुताई और है।।

कहने को तो कह देते हैं-
दुनिया मेरे ठेंगे पर।
जग की परवाह और है
जग की हंसाई और है।।

गीतों में 'गिरि' के अब भी,
है तपिश उस प्यार की।
है वही उन्वान लेकिन,
रोशनाई और है।।

मंगलवार, 29 दिसंबर 2015

तू उससे आंख मिला, बातचीत जारी रख......

अपनी आंखों में 

हसीं ख्वाब की स्याही रख।

बहुत प्यासा है तू

पास एक सुराही रख।।




तेरी मंजिल की हदें 

तुझसे ही गुजरती हैं।

एक मुसाफिर है तू

तू मन का सफर जारी रख।।


वो न लहरों में कभी डूबा है

औ न डूबेगा।

तू हिफाजत से रहेगा

तू उससे अपनी यारी रख।।




उसने बड़े ही करीने से 

बनाई है दुनिया।

ये तुझपे है कि 

उस दुनिया की तू सफाई रख।।




हमसे बिछड़ोगे तो 

आधे ही कहे जाओगे।

मुकम्मल दासतां के वास्ते 

तू मुझसे यारी रख।।


खूब हंसके फरेब देते हैं 

ये दिलवाले।

या तो तू दिल को संभाल

या तो तू अय्यारी रख।।




ऐसी क्या बात हुई 

मुझसे खफा बैठे हो।

कभी तो ऐसा हो

मेरी साफगोई की कदर भी रख।।


वो दिलफरेब है

करता है बात बस हल्की।

तू उससे कुछ न कह

अपनी निगाह भारी रख।।




'गिरि' की आंखों में 

इक खुशबू है तेरे चाहत की।

तू उससे आंख मिला

बातचीत जारी रख।।

                                     - आकर्षण कुमार गिरि।


गरल जो पी नही पाया अमर वो हो नहीं सकता

  जो मन में गांठ रखता है, सरल वो हो नहीं सकता। जो  विषधर है, भुवन में वो अमर हो ही नहीं सकता।। सरल है जो- ज़माने में अमर वो ही सदा होगा। गरल ...